आज सुबह से नव्या के पैर जमीन पर नहीं पड़ रहे थे। कभी रसोई में जाकर देख कर आती क्या-क्या पकवान बन रहे हैं। कभी बैठक में आकर देखती की घर की सजावट कैसी चल रही है। नव्या की मम्मी सुबह सुबह काजल आंटी को सब समझा कर गई थी। नव्या को रसोई में बार-बार झाँकते देखकर काजल बोली "क्या हुआ बेबी", क्या चाहिए? कुछ नहीं, आंटी मेरी पसंद का खाना बना रही है। 
"हां बेबी आज तो खास दिन है, आपका जन्मदिन बेबी, आज मेरी बेटी खुशबू का भी जन्मदिन है"। काजल ने अभी कुछमहीने पहले से ही नव्या के घर काम करना शुरू किया था। नव्या के माता पिता दोनों मल्टीनेशनल कंपनी में अधिकारी थे।
काजल आंटी सुबह सात बजे से लेकर नव्या के मम्मी या पापा के आने तक उसके घर पर रहती थी। कभी-कभी तो नव्या अपने मम्मी पापा का इंतजार करते-करते सो जाती थी। आज भी तो संडे था पर अब तक तो वह सोकर उठी मम्मी पापा ऑफिस जा चुके थे। नव्या की मम्मी ने फोन करके बर्थडे विश किया और उसे गिफ्ट के लिए पूछा।
"मम्मी हमारी वैल्यू एजुकेशन की मैडम ने कहा था कि सबसे अच्छा गिफ्ट होता है दूसरों को खुश रखना। आज काजल आंटी की बेटी का भी खुशबू काफी बर्थडे है। मैं खुशबू को अच्छा सा गिफ्ट देना चाहती हूँ"। ठीक है खुशबू को फोन करके पूछो कि उसे क्या गिफ्ट चाहिए और तुम्हे क्या गिफ्ट चाहिए यह भी बता देना। मैं ऑफिस से आते समय गिफ्ट लेती आऊंगी"।
काजल से उसके घर का नंबर लेकर नव्या ने खुशबू को फोन किया, "हेलो खुशबू हैप्पी बर्थडे मैं नव्या बोल रही हूं"। "हेलो नव्या तुम्हें भी जन्मदिन की शुभकामनाएं। मां ने बताया था कि आज तुम्हारा भी जन्मदिन है"। नव्या ने कहा, धन्यवाद! खुशबू मैं तुम्हारे लिए गिफ्ट लेना चाहती हूं। बताओ तुम्हें क्या गिफ्ट चाहिए ? खुशबू ने कहा "नव्या अगर तुम मुझे गिफ्ट देना चाहती हो तो क्या तुम मेरी मम्मी को आज जल्दी घर भेज सकती हो?"
नव्या थोड़ी देर चुप रही फिर उसने कहा, "ठीक है खुशबू, आज काजल आंटी जल्दी घर चली जाएगी। बाय। नव्या ने अपनी मम्मी को फ़ोन लगाया। नव्या की मम्मी ने पूछा, "हाँ , नव्या बताओ आप दोनों को क्या गिफ्ट चाहिए? "
नव्या ने कहा , "मम्मी, मुझे और खुशबू को एक ही गिफ्ट चाहिए। " नव्या की मम्मी ने आश्चर्य से पूछा ऐसी क्या चीज़ चाहिए।
"मम्मी , आज हमारे बर्थडे वाले दिन हमें अपनी मम्मी चाहिए। क्या आज आप ऑफिस से जल्दी आ जाएगी और काजल आंटी को भी जल्दी छुट्टी दे देगी जिससे वह भी अपनी बेटी के साथ उसका बर्थडे सेलब्रटे कर सके। " नव्या की मम्मी ने भरी हुई आवाज से कहा, "हां बेटा, खुशबू और आपको बर्थडे गिफ्ट मिल जायेगा। मैं अभी ऑफिस से निकालती हूँ। "
आभार : सोम सुर, राजस्थान पत्रिका